रांची
RIMS के निदेशक डॉ. राजकुमार ने सोमवार सुबह एक व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी मिलने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले शख्स ने उन्हें चेतावनी दी कि "15 दिनों के अंदर तुम्हें रांची से बाहर निकाल दूंगा।" इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है।
डॉ. राजकुमार के मुताबिक, कॉल करने वाले की पहचान चंदन कुमार के रूप में हुई है, जो खुद को एक निजी अस्पताल का CEO बताता है। उन्होंने बताया कि चंदन पहले भी कई बार उनसे मिल चुका है। निदेशक पद से हटाने की चर्चा के दौरान वह उनसे मदद का वादा करते हुए संपर्क में आया था।

हालांकि, डॉ. राजकुमार ने बताया कि जब चंदन ने RIMS के आंतरिक कामकाज में हस्तक्षेप करने और कुछ कार्यों को गलत तरीके से करवाने की कोशिश की, तो उन्होंने उससे दूरी बना ली और कॉल उठाना बंद कर दिया।
सोमवार सुबह आई व्हाट्सएप कॉल में, चंदन ने अपशब्द कहे और धमकाते हुए कहा कि "बहुत सम्मान करा लिया तुमने, अब 15 दिन के अंदर रांची से बाहर कर दूंगा।" निदेशक ने बताया कि आरोपी RIMS में ट्रांसफर और पोस्टिंग से जुड़े मामलों में हस्तक्षेप करने का प्रयास करता था। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत बरियातू थाना में दर्ज करा दी है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
